चंडीगढ़,22 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) : डेंगू की बीमारी यूटी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के गले की फांस बन गई है। शहर में हर रोज औसतन 12 केस सामने आ रहे हैं। अगर पीजीआइ को भी इसमें शामिल करें तो आंकड़ा 50 से पार चला जाता है। हर रोज पीजीआइ में बीमारी के 35 से 40 गंभीर मरीज आ रहे हैं जिनकी प्लेटलेट्स 20 हजार से भी कम होती है। साथ में 70 से 80 डेंगू के अन्य मरीज भी होते हैं। रविवार को भी बीमारी के 8 नए मामले आए, अब तक स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीमारी के अब तक आए मरीजों की संख्या बढ़कर 910 हो चुकी है। मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी का कारण है तापमान में गिरावट नहीं होना। फिलहाल तापमान 30 डिग्री से ऊपर है जोकि बीमारी के लिए पूरी तरह अनुकूलित है। इस महीने के अंत तक तो बीमारी का प्रकोप रहने की संभावना है क्योंकि अभी तापमान में गिरावट आने की संभावना कम है।