गुरुग्राम,14 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) : झारखंड एवं बिहार में आतंक के पर्याय बने कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह को शनिवार अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया। उसे बुधवार रात सेक्टर 29 थाना पुलिस ने सुशांत लोक स्थित एक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली उसके दोनों पैर में लगी थी। उसका इलाज जिला नागरिक अस्पताल में चल रहा था। गेस्ट हाउस में गैंगस्टर के साथ उसकी पत्नी गरिमा ¨सह भी थी। वह भी न्यायिक हिरासत में है।
बता दें कि झारखंड के विभिन्न थानों में अखिलेश के खिलाफ हत्या, लूट, फिरौती से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। वह फरार चल रहा था। झारखंड पुलिस को जानकारी मिली कि वह गुरुग्राम में रह रहा है। फिर उसने पूरी जानकारी हासिल करने के बाद गुरुग्राम पुलिस की सहायता ली। पुलिस जब गेस्ट हाउस पहुंची तो वह फाय¨रग कर भागने के फिराक में था लेकिन पुलिस ने उसके दोनों पैरों में गोली मार दी। इससे वह भाग नहीं सका। उसे इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलते ही उसे शनिवार को अदालत में पेश किया गया। एसीपी सदर अनिल यादव ने बताया कि झारखंड पुलिस उसे कब पूछताछ के लिए ले जाएगी, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं। गैंगस्टर से जितनी पूछताछ करनी थी, गुरुग्राम पुलिस कर चुकी।