चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कालका से कलेसर तक का क्षेत्र पर्यटन रूट के रूप में विकसित किया जा रहा है। नाडा साहेब और मनसा देवी तीर्थ स्थलों के विकास के लिए केन्द्र से 49 करोड़ रुपए की राशि मिली है जिससे इन स्थलों पर कार्य करवाए जा रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर मोरनी में साहसिक खेल गतिविधियों का उदघाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिबद्री के लिए 52 करोड़ रुपए की राशि मिली है जिससे वहां पर भी कार्य करवाए जा रहे हैं। इस रूट से मोरनी को भी जोड़ा जा रहा है।
इसमें माधोगढ, लोहगढ में बना किला भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र होगा। टूरिज्म के हिसाब से और स्थानों पर भी गतिविधियां शुरू की जाएंगी। इनमें रानी महल बावड़ी नारनौल, ब्रह्म सरोवर कुरुक्षेत्र, पानीपत, करनाल में भी गतिविधियों को बढावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को टूरिज्म के मानचित्र पर अलग पहचान दिलाना है। इसके लिए पर्यटन विभाग निरंतर योजनाओं पर काम कर रहा है।
नाडा साहिब व मनसा देवी के विकास को केंद्र ने दिए 49 करोड़
उन्होंने बताया कि धर्मस्थलों की यात्राओं के लिए पहले से ही कई योजनाएं चल रही हैं जिनमें स्वर्ण जयंती सिंधु दर्शन योजना, नांदेड हजुर साहेब, पटना साहेब आदि शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने खर्टिया बड़ी शेर से भोज कोटी सम्पर्क मार्ग पर घग्गर नदी पर पांच स्पैन के पुल का भी उदघाटन किया। इससे आसपास के 10 गांवों को लाभ मिलेगा। पर्यटन विभाग की प्रदर्शनी का भी मुख्यमंत्री ने बारीकी से अवलोकन किया और अधिकारियों से योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली।
इस मौके पर अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री ए के सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डा. अमित अग्रवाल, महानिदेशक आर एस वर्मा, पर्यटन विभाग के एमडी डा. नीजर, खेल विभाग निदेशक पंकज नैन पूर्व विधायक लतिका शर्मा , मीडिया कॉआर्डिनेटर रमनीक मान, जिला अध्यक्ष अजय शर्मा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।