विज की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से सचिवालय में मचा हडक़ंप
चंडीगढ़। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय में आज हडक़ंप मच गया। विज शुक्रवार की रात तक चंडीगढ़ स्थित अपने कार्यालय में मौजूद थे। शुक्रवार को भी वह सैकड़ों लोगों के संपर्क में आए थे।
अनिल विज गुरुपर्व के अवसर पर पानीपत में हुए एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। जहां वह कोरोना पॉजिटिव विधायक के संपर्क में आ गए। पानीपत से वापस आने के बाद अनिल विज एक दिसंबर को चंडीगढ़ में योग गुरू रामदेव से मिले थे। अनिल विज दो दिसंबर को योग आयोग की बैठक में मुख्यमंत्री के साथ शामिल हुए थे।
तीन नवंबर की सुबह गले में थोड़ी दिक्कत महसूस होने के बाद विज ने कोरोना टेस्ट करवाया। कोरोना टेस्ट के सैंपल देने के बाद विज सामान्य की भांति कार्यक्रमों में हिस्सा लेते रहे। चार नवंबर को अनिल विज ने चंडीगढ़ कार्यालय में न केवल अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ की बल्कि शाम के समय जजपा के अध्यक्ष निशान सिंह, दिग्विजय चौटाला समेत कई नेताओं के साथ मुलाकात की। इसके बाद विज ने कई पत्रकारों से भी मुलाकात की। विज के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उनके निजी स्टाफ के कर्मचारी तथा उनके साथ मुलाकात करने वाले बहुत से लोग होम क्वांरटाइन हो गए हैं और कईयों ने एहतियातन कोरोना टेस्ट भी करवाया है।