चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को प्रदेश के सिरसा,कैथल और यमुनानगर में मेडिकल कॉलेज खोलने को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही एक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र,एक उप स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की अनुमति के साथ ही एक उपमंडल सिविल अस्पताल,एक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र,एक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और एक उपस्वास्थ्य केन्द्र को उन्नत करने को भी मंजूरी दे दी।
मुख्यमंत्री ने रोहतक स्थित पंडित भगवत दयाल शर्मा परास्नातक आयुर्विज्ञान संस्थान में डीएम कार्डियोलॉजी का पाठयक्रम शुरू करने की अनुमति भी दे दी। सिरसा में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की जमीन पर मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा। कैथल में सरपण खेडी गांव में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जायेगी। यमुनानगर में पंचायत की जमीन पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जायेगी। रोहतक पीजीआाईएमएस में डीएम कार्डियोलॉजी कोर्स भारतीय चिकित्सा परिषद द्वारा चलाया जाएगा।
संस्थान में भारतीय चिकित्सा परिषद के मानकों के अनुसार ढांचा उपलब्ध है। जगाधरी के उपमंडलीय सिविल अस्पताल को उन्नत कर सौ बैड के अस्पताल में बदलने को मंजूरी दी गई है। पलवल जिले के होडल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को पचास बैड के सिविल अस्पताल में बदलने की मंजूरी दी गई है। करनाल जिले के सम्भली गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नत किया जाएगा। पंचकूला जिले के बतौर गांव में उपस्वास्थ्य केन्द्र खोलने और पलवल जिले के खाम्बी गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने को भी मंजूरी दी गई है।