चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा के पूर्व चुनाव प्रभारी एंव केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा है कि अनुच्छेद-370 पर कांग्रेस दशकों से राजनीति कर रही थी। मगर भाजपा के लिए यह मुद्दा राजनीति और वोट का नहीं बल्कि देश की एकता व अखंडता का विषय है। इसलिए मोदी सरकार ने जनहितों को देखते हुए इसे समाप्त करने का फैसला लिया।
केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर रविवार को हरियाणा भाजपा द्वारा आयोजित रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि धारा 370 का सवाल हो, राम मंदिर का सवाल हो, सीएए का सवाल हो ये भाजपा के लिए न कभी राजनीति का विषय थे, न आज हैं। ये कभी हमारे लिए न वोट का विषय थे न आज हैं।
हरियाणा किसानों व जवानों का राज्य, केंद्र के फैसलों से ही कोरोना काल से उबर रहा देश
धारा 370 देश की एकता और अखंड़ता से जुड़ा विषय रहा है। दूसरे कार्यकाल की शुरूआत होते ही सरकार ने ऐतिहासिक फैसले लिए, इनमें सबसे अहम धारा-370 को खत्म करना है। यही नहीं वर्षों से लंबित राममंदिर मुद्दे पर भी सरकार ने मजबूती के साथ सर्वोच्च न्यायालय में अपना पक्ष रखा और राममंदिर पर सैकड़ों वर्षों से चल रही आ रही लड़ाई का समाधान सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से हल हुआ।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा राज्य जवानों और किसानों का राज्य है। जवान की भूमिका भी महत्वपूर्ण है और किसान की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी के कार्यकाल पर बोलते हुए नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पीएम मोदी की उपलब्धियों को एक साल के कार्यकाल में बांधा नहीं जा सकता। जब वे राज्य के सीएम के तौर पर काम कर रहे थे, उस समय भी उनकी दूरदृष्टि थी, वह दृष्टि आज देश के काम आ रही है।