गुरुग्राम:,29 नवंबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) सड़कों या गलियों की बात दूर अस्पतालों में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं। बस अड्डा रोड के नजदीक एक निजी अस्पताल के आइसीयू में भर्ती एक युवती के साथ दो युवकों द्वारा छेड़छाड़ का मामला यही दर्शाता है। आरोपी अस्पताल से युवती के छुट्टी मिलने के बाद भी मोबाइल पर परेशान करते रहे। परेशान होकर युवती की मां ने सेक्टर-14 थाने में शिकायत कर दी। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया गया।
सॉफ्ट ¨ड्रग पीने की वजह से युवती की तबीयत खराब हो गई थी। तबियत खराब होने पर युवती को पहले जिला नागरिक अस्पताल में ले जाया गया था। वहां से चिकित्सकों ने कहा कि सफदरजंग अस्पताल ले जाना सही रहेगा। मां ने देखा कि कहीं देर न हो जाए। यही सोच नजदीक शिवा नामक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। युवती के गले में पाइप डाल दी गई थी जिससे वह हिल भी नहीं सकती थी। 16 नवंबर की रात आइसीयू में सोहना निवासी रवि नामक नर्सिंग स्टाफ आया और छेड़छाड़ करने लगा। फिर कुछ देर बाद मध्यप्रदेश निवासी कुलदीप पहुंचा। उसने भी छेड़छाड़ की। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी दोनों युवती के मोबाइल पर फोन करने से बाज नहीं आए। फोन से अश्लील बातें करते थे। परेशान होकर उसने सारी बात अपनी मां से बताई।
सेक्टर 14 थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिलते ही दोनों स्टाफ को दबोच लिया गया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल जा चुके हैं। साथ ही आगे जांच की जा रही है। अस्पताल के पास चार दिनों से अधिक का सीसीटीवी फुटेज नहीं है। इस वजह से घटना से संबंधित फुटेज नहीं है। इसे देखते हुए अन्य स्टाफ से दोनों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।